राजस्थान हाईकोर्ट को बम की धमकी, परिसर को खाली कराकर ली गई तलाशी

धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सभी विधिक कार्य रोक दिए गए और न्यायालय परिसर को तुरंत खाली कराया गया।
राजस्थान हाईकोर्ट को बम की धमकी, परिसर को खाली कराकर ली गई तलाशी
Published on: 

जयपुरः जयपुर स्थित राजस्थान उच्च न्यायालय परिसर में बम रखने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद शुक्रवार सुबह परिसर को खाली करवा लिया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने विस्तृत तलाशी ली, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

अधिकारियों ने बताया कि अदालत के रजिस्ट्रार की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सभी विधिक कार्य रोक दिए गए और परिसर को तुरंत खाली कराया गया। बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में वाहनों और लोगों की भी जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ललित शर्मा ने बताया कि धमकी मिलने पर पुलिस को अलर्ट किया गया और कई टीम मौके पर भेजी गईं। उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।’’ अधिकारियों ने बताया कि पूरी तलाशी के बाद परिसर में प्रवेश दोपहर दो बजे बहाल कर दिया गया। एक दिन पहले ही अजमेर दरगाह और जिलाधिकारी कार्यालय को भी इसी प्रकार की बम की धमकी मिली थी। जयपुर उच्च न्यायालय परिसर को भी लगभग एक महीने पहले ऐसी ही धमकी मिली थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News