आईटी शेयरों में बिकवाली से दबाव में रहा सेंसेक्स, 330 अंक टूटा
मुंबई :
सूचना प्रौद्योगिकी, वित्तीय और उपभोक्ता वस्तुओं से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के दबाव के चलते घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 329.91 अंक यानी 0.44 प्रतिशत टूटकर 74,529.08 अंक पर आ गया, जबकि निफ्टी 85.30 अंक यानी 0.36 प्रतिशत गिरकर 23,329 अंक पर बंद हुआ।कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 435.28 अंक तक लुढ़ककर 74,423.71 अंक पर पहुंच गया था। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बावजूद घरेलू बाजार की धारणा कमजोर बनी रही। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, इटर्नल, इंटरग्लोब एविएशन, टाइटन और टाटा स्टील के शेयर लाभ में रहे। ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा कि वैश्विक माहौल में सुधार के बावजूद भारतीय बाजारों में तेजी नहीं आ सकी। उनके मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक बॉण्ड प्रतिफल में कमी से कुछ समर्थन मिला, लेकिन आईटी, वित्तीय और उपभोक्ता वस्तुओं के शेयरों में व्यापक बिकवाली ने बाजार पर दबाव बनाए रखा। वैश्विक बाजारों में हालांकि अपेक्षाकृत सकारात्मक रुख रहा। एशिया में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में तेजी थी। अमेरिकी बाजार सोमवार को उल्लेखनीय बढ़त के साथ बंद हुए थे। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 576.20 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 564.03 अंक चढ़कर 74,858.99 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी लगातार चौथे कारोबारी सत्र में 67.90 अंक बढ़कर 23,414.30 पर पहुंचा था।

