भारत
CJP के दास, रांका हिरासत में
नयी दिल्ली :
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरभ दास और आशुतोष रांका को भारी बैरिकेडिंग और कड़ी सुरक्षा के बावजूद जंतर-मंतर पहुंचने पर मंगलवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि अजिंक्य शिंदे सहित टीम के अन्य सदस्यों को भी हिरासत में लिया गया है।दिपके ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि तिरंगे के साथ कॉकरोच मंगलवार तड़के दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़े जाने से पहले जंतर-मंतर में दाखिल हो गये। उन्होंने कहा कि रांका, दास और शिंदे को टीम के अन्य सदस्यों के साथ हिरासत में ले लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए दिपके ने कहा- आप प्रतिरोध की आवाज को दबा नहीं सकते। गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर को निर्धारित विरोध स्थलों की सूची से हटा दिया है जिससे अब वहां प्रदर्शन नहीं हो पायेंगे। दिपके ने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें CJP सदस्यों को जंतर-मंतर में प्रवेश करने के लिए गेट से कूदते और ‘भारत माता की जय’ जैसे नारे लगाते देखा जा सकता है।
जंतर-मंतर पर फैसला निंदनीय : माकपा
इस बीच माकपा ने जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के स्थल के रूप में अनधिसूचित किये जाने के फैसले की मंगलवार को निंदा की। पार्टी ने आरोप लगाया कि इस कदम का उद्देश्य असहमति को दबाना तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार को कमजोर करना है। माकपा पोलित ब्यूरो ने फैसले की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि यह केंद्र की भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की ‘असहमति के प्रति बढ़ती असहिष्णुता और शांतिपूर्ण विरोध के सांविधानिक अधिकार के प्रति उपेक्षा’ को दर्शाता है। वहां शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को रोकने के हर प्रयास का विरोध किया जायेगा।

