भारत
खरगे के आवास के पास विरोध प्रदर्शन, PM के ‘अपमान’ के लिए माफी मांगने की मांग
नई दिल्ली :
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन किए और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। दिल्ली में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खरगे के आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के कई नेताओं ने टिप्पणी की निंदा करते हुए इसे राजनीतिक मर्यादा के विरुद्ध बताया।दिल्ली में प्रदर्शनकारियों ने सेना भवन गोल चक्कर से राजाजी मार्ग स्थित मल्लिकार्जुन खरगे के आवास की ओर मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और खरगे के साथ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से भी माफी मांगने की मांग की। भाजपा ने खरगे की टिप्पणी के विरोध में देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खरगे की टिप्पणी को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए कहा कि इससे देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति से सार्वजनिक जीवन में गंभीरता, संयम, गरिमा और जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है।इस तरह की भाषा न केवल पद की गरिमा के विपरीत है, बल्कि कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर भी सवाल खड़े करती है। विवाद बिहार के पटना में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान खरगे की टिप्पणी से शुरू हुआ है। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी वाई. विजयेंद्र ने भी खरगे से प्रधानमंत्री मोदी और उनके पिता के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए देश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने हताशा में ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया है। विजयेंद्र ने दावा किया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी की लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी को स्वीकार नहीं कर पा रही है। मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने टिप्पणी को राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन और अपमानजनक बताया। भाजपा नेताओं ने खरगे से अपने पद की गरिमा का ध्यान रखते हुए तत्काल सार्वजनिक माफी मांगने की मांग दोहराई।

