कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार

कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार

Published on: 

नयी दिल्ली :

दिल्ली पुलिस ने फर्जी ‘एप्पल/IOS’ तकनीकी-सहायता कॉल सेंटर के जरिए अमेरिकी नागरिकों के साथ ‘ठगी’ करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि नारायणा औद्योगिक क्षेत्र से गिरफ्तार किये गये इन लोगों में कॉल सेंटर के मालिक अरुण (29) और साझेदार सलीम (28) भी शामिल हैं। अभियुक्त नारायणा औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित एक परिसर से ‘वेप्ट्रा’ नाम से संचालन कर रहे थे। यह कार्रवाई 25 सितंबर को मिली विशिष्ट जानकारी के बाद की गयी जिसके बाद एक टीम ने परिसर पर छापेमारी की। अधिकारी ने बताया कि कॉलर फर्जी अंग्रेजी नामों के तहत अमेरिका में लोगों से बातचीत करते थे। शुरुआती जांच के अनुसार अभियुक्त कथित तौर पर एप्पल/IOS तकनीकी-सहायता अधिकारी बनकर टोल-फ्री नंबरों के माध्यम से अमेरिका निवासियों से संपर्क करते थे। वे पीड़ितों को बताते थे कि उनके उपकरणों या प्रणालियों में वायरस, मैलवेयर या अश्लील सामग्री पायी गयी है और तत्काल तकनीकी सहायता की पेशकश करके उनमें आशंका पैदा करते थे। पुलिस ने कहा कि इसके बाद पीड़ितों को कथित तौर पर तकनीकी समस्याओं को हल करने के लिए गिफ्ट कार्ड खरीदने के लिए राजी किया जाता था। अभियुक्त गिफ्ट-कार्ड का विवरण या कोड हासिल कर इसे अपने साथियों के साथ साझा करते थे। मामले में पांच लैपटॉप, 12 मोबाइल फोन, 10 क्रेडिट/डेबिट कार्ड, पांच चेक बुक और एक ऑडी कार बरामद किये गये हैं। एजेंसियां
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in