भर्ती की योजना बना रहे 72 प्रतिशत नियोक्ताओं को मध्यम से गंभीर कठिनाई की आशंका है।
भारत
रोजगार बाजार में तेजी के संकेत, दूसरी छमाही में 5.4% बढ़ सकती है नौकरियां
मुंबई :
देश में रोजगार बाजार की रफ्तार चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में बढ़ने की उम्मीद है। टीमलीज सर्विसेज की रिपोर्ट के मुताबिक अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 के दौरान शुद्ध रोजगार परिवर्तन (NEC) 5.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो पहली छमाही के 4.7 प्रतिशत से अधिक और पिछले चार छमाहियों में सबसे ऊंचा स्तर है।ई-कॉमर्स और टेक्नोलॉजी स्टार्टअप में रोजगार वृद्धि 12.6 प्रतिशत, यात्रा एवं आतिथ्य में 12.3 प्रतिशत और खुदरा क्षेत्र में 10.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वाहन क्षेत्र में 10.1 प्रतिशत, ईवी एवं ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर में 9.7 प्रतिशत और बैंकिंग में 9.2 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है।रिपोर्ट 23 उद्योगों और 20 शहरों के 1,239 नियोक्ताओं से जुलाई-अगस्त में मिले जवाबों पर आधारित है। करीब 60 प्रतिशत नियोक्ता दूसरी छमाही में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। बड़े उद्यमों में यह अनुपात 66 प्रतिशत है। शहरों में बेंगलुरु 68 प्रतिशत नियुक्ति मंशा के साथ आगे है, जबकि हैदराबाद 61 प्रतिशत और पुणे 60 प्रतिशत पर हैं।हालांकि प्रतिभाओं की कमी बड़ी चुनौती बनी हुई है। भर्ती की योजना बना रहे 72 प्रतिशत नियोक्ताओं को मध्यम से गंभीर कठिनाई की आशंका है। आईटी, बिक्री एवं विपणन और इंजीनियरिंग में यह समस्या अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार करीब 85 प्रतिशत नियोक्ता किसी न किसी स्तर पर एआई या जेनएआई का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन केवल 13 प्रतिशत संगठनों में आधे से अधिक कर्मचारी इसका उपयोग कर रहे हैं।

