सत्तापक्ष-विपक्ष में बनी सहमति, संसद में वंदे मातरम और चुनाव सुधारों पर होगी बहस

लोकसभा में गतिरोध खत्म करने की दिशा में कदम, वंदे मातरम और चुनाव सुधारों पर अगले सप्ताह होगी चर्चा
सत्तापक्ष-विपक्ष में बनी सहमति, संसद में वंदे मातरम और चुनाव सुधारों पर होगी बहस
Published on: 

नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं की बैठक में मंगलवार को यह फैसला किया गया कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की रचना के 150 साल पूरा होने तथा चुनावों सुधारों के विषयों पर सदन में अगले सप्ताह चर्चा होगी।

BAC के बैठक में हुआ फैसला

कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक में यह तय हुआ कि आगामी सोमवार को सदन में वंदे मातरम पर चर्चा होगी, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। मंगलवार एवं बुधवार को चुनाव सुधारों पर चर्चा कराने पर सहमति बनी। बिरला के साथ सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं की बैठक में यह सहमति बनने के बाद लोकसभा में जारी गतिरोध खत्म होने के आसार हैं।

सोमवार को वंदे मातरम पर चर्चा होगी

बीएसी की बैठक के बाद लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुनिल सुरेश ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बीएसी की बैठक के बाद वंदे मातरम और चुनाव सुधारों पर चर्चा के बारे में फैसला किया गया। सोमवार को वंदे मातरम पर चर्चा होगी और इस चर्चा की शुरुआत प्रधानमंत्री करेंगे। इसके बाद मंगलवार और बुधवार को चुनाव सुधारों पर चर्चा होगी तथा जरूरत पड़ने पर समय बढ़ाया जा सकता है।’’

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर लोकसभा में सोमवार और मंगलवार को गतिरोध की स्थिति बनी रही। विपक्षी दलों के सदस्यों ने इस मुद्दे पर सदन में हंगामा किया। सोमवार को संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत हुई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News