भारत में हाई-स्पीड रेल युग की शुरुआत, अगले साल पटरी पर दौड़ेगी पहली बुलेट ट्रेन

रेल मंत्री ने दी जानकारी, हैदराबाद समेत नए कॉरिडोर पर भी फोकस
Hyderabad
देश में हाई-स्पीड रेल की नई शुरुआत
Published on

हैदराबाद : देश में हाई-स्पीड रेल सेवा का सपना अब साकार होने की ओर बढ़ रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसका पहला चरण अगले वर्ष शुरू करने की तैयारी है।

उन्होंने बताया कि सबसे पहले सूरत और बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। रेल मंत्री के अनुसार, परियोजना के विभिन्न चरणों को क्रमबद्ध तरीके से पूरा करने की योजना है

पहले सूरत-बिलिमोरा खंड पर सेवाएं शुरू होंगी, इसके बाद वापी से सूरत, फिर वापी से अहमदाबाद, उसके बाद अहमदाबाद से ठाणे और अंत में अहमदाबाद से मुंबई तक पूरे कॉरिडोर का निर्माण पूरा किया जाएगा।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह परियोजना भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। बुलेट ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी, वहीं प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय भी काफी कम हो जाएगा।

इस बीच, हैदराबाद के लिए भी अच्छी खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, शहर को भविष्य में तीन नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर मिलने की संभावना है। इन प्रस्तावित कॉरिडोरों के विकसित होने से हैदराबाद की देश के अन्य प्रमुख शहरों से हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

हालांकि, इन प्रस्तावित मार्गों की आधिकारिक घोषणा और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट का इंतजार है। केंद्र सरकार का लक्ष्य देश में आधुनिक रेल नेटवर्क का विस्तार करना और हाई-स्पीड रेल सेवाओं के जरिए परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देना है।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को भारत की पहली हाई-स्पीड रेल परियोजना माना जा रहा है, जिसके पूरा होने के बाद देश में तेज गति वाली रेल सेवाओं का नया दौर शुरू होगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in