

नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल का आज निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थें। उनके निधन पर प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राहुल गाँधी सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह समाज के कल्याण में योगदान देने के लिए बेहद उत्सुक रहते थे। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शिवराज पाटिल के निधन से दुखी हूं। वह एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि पाटिल समाज के कल्याण में योगदान देने के लिए बेहद उत्साही रहते थे। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कई वर्षों में मेरी उनसे कई बार बातचीत हुई, हाल में कुछ महीने पहले वह मेरे आवास पर आए थे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ओम शांति।’’
अमित शाह ने श्रद्धांजलि अर्पित की
गृहमंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त करते हुए 'X' पर लिखा ' पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल चाकुरकर जी के निधन से दुखी हूं। कई दशकों के करियर में, पाटिल जी पब्लिक अफेयर्स के अपने बहुत ज़्यादा ज्ञान और अपनी समर्पित सेवा के लिए जाने जाते थे। उनके परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के प्रति हार्दिक संवेदना।
राहुल गाँधी ने शिवराज पाटिल को किया नमन
राहुल गाँधी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को याद करते हुए कहा' पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्र के लिए उनके योगदान हमेशा याद किए जाएंगे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पूरे पाटिल परिवार, उनके शुभचिंतकों और समर्थकों के साथ हैं।
कांग्रेस ने ट्विटर हैंडल से दी श्रद्धांजलि
साथ ही कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से वरिष्ठ नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत के पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व लोकसभा स्पीकर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री शिवराज पाटिल का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक दुखद समाचार है। श्री पाटिल अपने सरल-सहज व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। श्रद्धांजलि
ये भी पढ़ें:- पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल का निधन