महिला के पेट से निकले पेन, लकड़ी के चम्मच और मोमबत्ती

सीने में दर्द की शिकायत पर पहुंची थी अस्पताल
Narasaraopet
पेट से निकले पेन, लकड़ी के चम्मच और मोमबत्ती
Published on: 

नरसारावपेट : आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले के नरसारावपेट से हैरान करने वाला मेडिकल मामला सामने आया है। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंची 33 वर्षीय महिला के पेट में डॉक्टरों को कई ऐसी वस्तुएं मिलीं, जिन्हें देखकर वे भी हैरान रह गए।

जांच के बाद डॉक्टरों ने उपचार कर इन वस्तुओं को बाहर निकाला। महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेटलुरिवारीपलेनी की रहने वाली महिला को सीने में तेज दर्द हो रहा था।

दर्द बढ़ने पर परिजन उसे नरसारावपेट स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच और स्कैन किया तो पेट के अंदर कई असामान्य वस्तुएं मौजूद होने का पता चला।

पेट में मिलीं 14 पेन, 5 लकड़ी के चम्मच और मोमबत्ती

जांच में महिला के पेट में 14 पेन, 5 लकड़ी के चम्मच और एक मोमबत्ती होने की बात सामने आई। परिजनों ने बताया कि ये सभी चीजें महिला ने निगल ली थी। डॉक्टरों ने लैप्रोस्कोपिक प्रक्रिया के जरिए इन वस्तुओं को बाहर निकाला।

चिकित्सकों के मुताबिक, एक पेन का ढक्कन नहीं था और उसके अंदरूनी हिस्से के चुभने की वजह से महिला को तेज दर्द हो रहा था। डॉक्टरों ने इस मामले को बेहद असामान्य बताया।

मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा हो सकता है मामला

महिला के पिता के अनुसार, वह करीब 10 वर्षों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, इससे पहले भी उसने पेन निगले थे। डॉक्टरों ने ऐसे मामलों में शारीरिक उपचार के साथ मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ की निगरानी को भी जरूरी बताया है।

चिकित्सकों का कहना है कि पेन, चम्मच जैसी गैर-खाद्य वस्तुएं निगलना गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है और इससे भोजन नली, पेट या आंतों में चोट का खतरा रहता है। समय पर इलाज मिलने से महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in