विश्वास जीतकर लाखों की ठगी, मॉडलिंग और शादी का झांसा देने वाला गिरफ्तार

फैशन कारोबारी बनकर महिलाओं को फंसाया, 33 लाख की ठगी का खुलासा
New Delhi
विश्वास जीतकर लाखों की ठगी
Published on

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने मॉडलिंग में करियर बनाने और शादी का झूठा वादा कर कई महिलाओं से 33 लाख रुपये से अधिक की कथित ठगी करने के आरोप में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सुनियोजित तरीके से महिलाओं का विश्वास जीतकर उनसे बड़ी रकम ऐंठी और लंबे समय तक उन्हें धोखे में रखता रहा।

पुलिस सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कौशिक राज उर्फ अनिकेत सिंह राजपूत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह खुद को फैशन, विज्ञापन और इवेंट मैनेजमेंट उद्योग से जुड़ा एक सफल कारोबारी बताकर महिलाओं से संपर्क करता था।

वह दावा करता था कि उसके बड़े मॉडलिंग एजेंसियों, प्रोडक्शन हाउस और विज्ञापन कंपनियों से गहरे संबंध हैं तथा वह इच्छुक युवतियों को मॉडलिंग और मनोरंजन जगत में आसानी से काम दिला सकता है।


विश्वास जीतने के बाद करता था ठगी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पहले सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से महिलाओं से संपर्क स्थापित करता था। बातचीत बढ़ने के बाद वह उन्हें मॉडलिंग प्रोजेक्ट, विज्ञापन शूट, बड़े ब्रांड्स के साथ काम और आकर्षक करियर के सपने दिखाता था। कुछ मामलों में वह शादी का प्रस्ताव देकर भावनात्मक रूप से भी पीड़िताओं का विश्वास जीत लेता था।

इसके बाद वह अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे पैसे मांगता था। कभी मॉडलिंग पोर्टफोलियो तैयार कराने, कभी रजिस्ट्रेशन फीस, तो कभी किसी आपात स्थिति का हवाला देकर वह रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेता था। पैसे मिलने के बाद वह पीड़िताओं से दूरी बना लेता या संपर्क पूरी तरह समाप्त कर देता था।

33 लाख रुपये से अधिक की ठगी का आरोप

पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में आरोपी पर कई महिलाओं से 33 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने का मामला सामने आया है। आशंका है कि इस गिरोह या आरोपी के शिकार लोगों की संख्या और भी अधिक हो सकती है। पुलिस अन्य संभावित पीड़िताओं और आरोपी के बैंक खातों, लेन-देन तथा डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

पुलिस कर रही है विस्तृत जांच

दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अकेले इस वारदात को अंजाम देता था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे।

इसके अलावा, उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

पुलिस ने लोगों, विशेषकर युवतियों से अपील की है कि मॉडलिंग, नौकरी या विवाह के नाम पर मिलने वाले आकर्षक प्रस्तावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। किसी भी व्यक्ति को बड़ी रकम देने से पहले उसकी पहचान और दावों का अच्छी तरह सत्यापन अवश्य करें, ताकि इस प्रकार की साइबर और वित्तीय ठगी से बचा जा सके।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in