दिल्ली कांग्रेस में बड़ा बदलाव: भूपेश यादव बने महासचिव

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी से दिल्ली कांग्रेस का पुनर्गठन
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

अंजलि भाटिया

नई दिल्ली : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने दिल्ली में संगठन को नई मजबूती देने के उद्देश्य से एक अहम कदम उठाते हुए अपनी रणनीतिक टीम का पुनर्गठन किया है। देवेंद्र यादव की अगुवाई वाली प्रदेश कार्यकारिणी में भूपेश यादव को महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव को पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी प्राप्त है। पेशे से इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर भूपेश यादव लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति को दिल्ली में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। वे इससे पहले दिल्ली सहित कई राज्यों में केंद्रीय नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभा चुके हैं, जिससे उनकी संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल साबित होता है। भूपेश यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई आंदोलनों में अग्रणी भूमिका निभाई है और आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा में कन्याकुमारी से कश्मीर तक उनकी सक्रिय भागीदारी भी उनके जुझारू और समर्पित कार्यकर्ता होने का प्रमाण देती है। ऐसे में दिल्ली की नई रणनीतिक टीम में उन्हें अहम जिम्मेदारी दिया जाना संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in