नड्डा ने शिमला में भाजपा के नये प्रदेश कार्यालय की आधारशिला रखी, पार्टी कार्यालयों को संस्कार केंद्र बताया

नड्डा ने पांच ‘क’ यानी कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यकारिणी, कोष और कार्यालय पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यकारिणी और कोष के माध्यम से कार्यालय बना रही है।
नड्डा ने शिमला में भाजपा के नये प्रदेश कार्यालय की आधारशिला रखी, पार्टी कार्यालयों को संस्कार केंद्र बताया
Published on

शिमला: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने शनिवार को पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय की आधारशिला रखी और कहा कि यह नया कार्यालय संगठन में नयी ऊर्जा का संचार करेगा। भाजपा कार्यालयों को ‘संस्कार केंद्र’ बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस बात पर जोर दिया है कि पार्टी कार्यालयों में प्रशिक्षण, शोध और सोशल मीडिया के लिए आधुनिक उपकरण व सुविधाएं होनी चाहिए।

787 भाजपा कार्यालयों के निर्माण का लक्ष्य

उन्होंने बताया कि देशभर में 787 भाजपा कार्यालयों के निर्माण का लक्ष्य है, जिनमें से अब तक 617 कार्यालय बनकर तैयार हो चुके हैं। नड्डा ने कहा कि भाजपा 14 करोड़ सदस्यों, 10 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं और 6.5 लाख से ज्यादा बूथ समितियों वाली सबसे बड़ी कैडर आधारित राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल देश के 20 राज्यों में पार्टी शासन कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि हिमाचल प्रदेश में अब तक नौ पार्टी कार्यालय बन चुके हैं, जबकि 11 अन्य का निर्माण कार्य जारी है।

पांच ‘क’ पर जोर

उन्होंने पांच ‘क’ यानी कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यकारिणी, कोष और कार्यालय पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी के पास कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यकारिणी और कोष के माध्यम से कार्यालय बना रही है। नया कार्यालय शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में जुब्बरहट्टी हवाई अड्डे के पास माजठाई में स्थित है, जो शिमला से लगभग 29 किलोमीटर दूर है। कार्यालय के लिए भूमि का निरीक्षण करने के दौरान नड्डा को बिंदल ने प्रस्तावित भवन योजना की विस्तृत जानकारी दी।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ शिलान्यास

पांच पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ शिलान्यास समारोह करीब 45 मिनट तक चला, जिसके बाद ‘कलश स्थापना’ का कार्यक्रम किया गया। इसके बाद नड्डा ने चाय समारोह में कार्यकर्ताओं से संवाद किया, जिसमें पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह-प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप तथा पार्टी के कई विधायक और नेता नड्डा के साथ मौजूद थे। नड्डा ने नये भाजपा कार्यालय की पहली ईंट भी रखी। इससे पहले नड्डा शुक्रवार रात जयराम ठाकुर और राजीव बिंदल के साथ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के आवास पर पहुंचे और उन्हें उनकी बेटी की शादी की बधाई दी।

नड्डा ने शिमला में भाजपा के नये प्रदेश कार्यालय की आधारशिला रखी, पार्टी कार्यालयों को संस्कार केंद्र बताया
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार ‘खाओ पियो मौज करो’ मानसिकता से कर रही है काम: जे पी नड्डा

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in