साइबर ठगी पर केंद्र की बड़ी कार्रवाई, 3,718 मोबाइल ऐप ब्लॉक; 11,158 करोड़ रुपये बचाए गए

Cyber Fraud
साइबर ठगी पर केंद्र की बड़ी कार्रवाईसांकेतिक चित्र
Published on

नई दिल्ली : साइबर ठगी के खिलाफ केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3,718 मोबाइल ऐप को ब्लॉक किया है। इनमें कथित तौर पर धोखाधड़ी वाले लोन ऐप भी शामिल हैं। गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने मंगलवार को लोकसभा में एक लिखित जवाब में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 30 जून 2026 तक भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69(ए) और 79(3)(बी) के तहत इन ऐप पर कार्रवाई की। ये ऐप कथित रूप से लोगों को धोखा देने और वित्तीय ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे थे। कुमार के अनुसार, विभिन्न पुलिस प्राधिकरणों से मिली सूचनाओं के आधार पर केंद्र ने साइबर अपराध से जुड़े 15.75 लाख से अधिक सिम कार्ड और 5.77 लाख IMEI नंबर भी ब्लॉक किए हैं। इसका उद्देश्य संदिग्ध मोबाइल कनेक्शनों और उपकरणों के जरिए होने वाली धोखाधड़ी पर अंकुश लगाना है।

गृह राज्य मंत्री ने बताया कि I4C द्वारा संचालित सिटिजन फाइनेंशियल साइबर फ्रॉड रिपोर्टिंग एंड मैनेजमेंट सिस्टम (CFCFRMS) ने भी साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से निपटने में अहम भूमिका निभाई है। वर्ष 2021 में शुरू की गई इस व्यवस्था के जरिए पीड़ित तत्काल वित्तीय धोखाधड़ी की सूचना दे सकते हैं।

कुमार के मुताबिक, CFCFRMS की मदद से अब तक 11,158 करोड़ रुपये से अधिक की रकम ठगों के हाथों में जाने से बचाई गई है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in