राजस्थान उपचुनाव में कांग्रेस की जीत, प्रमोद जैन भाया 15,612 वोट के अंतर से विजयी

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बाद कहा कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार अपने ‘लिटमस टेस्ट’ में फेल रही है।
Ashok Gahlot
Published on

जयपुर : कांग्रेस ने राजस्थान की अंता विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल कर ली है। इस सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया 15,612 वोट के बड़े अंतर से विजयी हुए।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बाद कहा कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार अपने ‘लिटमस टेस्ट’ में फेल रही है। निर्वाचन आयोग के अनुसार शुक्रवार को हुई मतों की गिनती में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मोरपाल सुमन दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें कुल 53,959 वोट मिले। भाया को 69,571 व तीसरे स्थान पर रहे निर्दलीय नरेश मीणा को 53,800 वोट मिले। यानी भाजपा उम्मीदवार मोरपाल व निर्दलीय नरेश मीणा को मिले कुल वोटों का अंतर केवल 159 रहा।

शुक्रवार को वोटों की गिनती की शुरुआत से ही भाया आगे चल रहे थे और मीणा उनसे पीछे थे। शुरुआती चरण में मोरपाल सुमन तीसरे नंबर पर थे। हालांकि, बाद में मोरपाल दूसरे और मीणा तीसरे नंबर पर पहुंच गए। इस जीत के साथ ही राज्य विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या बढ़कर 67 हो गई है।

हालांकि, विधानसभा में भाजपा को स्पष्ट बहुमत होने के कारण इस परिणाम से भजनलाल शर्मा सरकार की स्थिरता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। राज्य की 200 सीट वाली विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के पास इस समय 118 सीटे हैं। इसके अलावा भारत आदिवासी पार्टी के पास चार, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पास दो और राष्ट्रीय लोकदल के पास एक सीट है।

उल्लेखनीय है कि पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार में मंत्री रहे भाया वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में अंता सीट पर भाजपा के कंवर लाल मीणा से 5,861 मतों के अंतर से हार गए थे। बाद में भाजपा विधायक मीणा को एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया तो इस सीट पर उपचुनाव कराया गया है।

ये भी पढ़ें :- बिहार की हार पर कांग्रेस में फूट, थरूर बोले 'मुझे प्रचार के लिए नहीं बुलाया'

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in