अब प्लाई नहीं, पूरे फर्नीचर की जिम्मेदारी लेगी CenturyPly कंपनी

FY31 तक ₹12,000 करोड़ कारोबार का लक्ष्य भारत की पहली कॉम्प्रिहेंसिव प्लाईवुड वारंटी लॉन्च
 एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर केशव भजनका और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर निकिता बंसल
एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर केशव भजनका और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर निकिता बंसल
Published on

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: Century Plyboards (India) Ltd ने प्लाईवुड उद्योग में बड़ा बदलाव करते हुए 'टोटल कवर' लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह भारत की पहली ऐसी कॉम्प्रिहेंसिव वारंटी है, जिसमें केवल प्लाईवुड बदलने तक सीमित रहने के बजाय पूरे फर्नीचर पर होने वाले खर्च को भी कवर किया जाएगा। कंपनी ने इसके साथ ही वित्त वर्ष 2030-31 तक 12,000 करोड़ रुपये के कारोबार का महत्वाकांक्षी लक्ष्य भी घोषित किया है।

क्या है 'टोटल कवर' वारंटी?

कंपनी के अनुसार क्लब प्राइम और आर्किटेक्ट प्लाई खरीदने वाले ग्राहकों को 10 वर्षों तक यह विशेष सुरक्षा मिलेगी। यदि इस अवधि में कोई कवर किया गया दोष सामने आता है तो कंपनी केवल प्लाईवुड ही नहीं, बल्कि लैमिनेट, विनियर, एडहेसिव, लेबर और ट्रांसपोर्टेशन का खर्च भी वहन करेगी। अब तक प्लाईवुड उद्योग में वारंटी केवल शीट बदलने तक सीमित थी, जबकि यह योजना पूरे फर्नीचर पर हुए खर्च को कवर करने का दावा करती है।

ग्राहकों की शिकायतों से निकला समाधान

सेंचुरीप्लाई के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर केशव भजनका ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में कंपनी ने देशभर से आने वाली ग्राहक शिकायतों का गहराई से अध्ययन किया। इससे पता चला कि ग्राहकों की सबसे बड़ी परेशानी प्लाईवुड बदलना नहीं, बल्कि फर्नीचर दोबारा तैयार कराने का खर्च, समय और असुविधा है। इसी अनुभव के आधार पर 'टोटल कवर' तैयार किया गया, ताकि ग्राहकों के पूरे निवेश की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

'मानसिक शांति' देना है उद्देश्य

एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर निकिता बंसल ने कहा कि उद्योग वर्षों से वारंटी को केवल प्लाईवुड बदलने तक सीमित मानता रहा है, जबकि वास्तविक खर्च फर्नीचर दोबारा बनाने में आता है। उनके अनुसार यह पहल ग्राहकों को वास्तविक 'पीस ऑफ माइंड' देने की दिशा में उठाया गया कदम है और पारंपरिक वारंटी मॉडल से आगे बढ़ती है।

डिजिटल होगी पूरी वारंटी प्रक्रिया

कंपनी ने वारंटी प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया है। ग्राहक खरीद के 90 दिनों के भीतर ऑनलाइन इनवॉइस रजिस्टर कर डिजिटल वारंटी सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकेंगे। वारंटी पोर्टल या टोल-फ्री नंबर के माध्यम से क्लेम दर्ज किया जा सकेगा। कंपनी के अनुसार 48 घंटे के भीतर निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी और निर्धारित समय सीमा में शिकायत का निपटारा किया जाएगा।

FY31 तक ₹12,000 करोड़ कारोबार का लक्ष्य

प्रेस वार्ता में कंपनी ने बताया कि बिना नया प्लांट लगाए पिछले कुछ वर्षों में कारोबार लगभग तीन गुना बढ़ा है। अब 2031 तक ₹12,000 करोड़ के कारोबार का लक्ष्य रखा गया है। कंपनी का कहना है कि क्षमता विस्तार, प्रीमियम उत्पादों, ग्राहक-केंद्रित रणनीति और उपभोक्ता भरोसे के दम पर यह लक्ष्य हासिल किया जाएगा। चेन्नई प्लांट में उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा रही है और इसे देश का सबसे बड़ा परिचालन प्लांट बनाने की तैयारी है।

आमिर खान होंगे अभियान का चेहरा

कंपनी ने बताया कि 'टोटल कवर' को देशभर में पहुंचाने के लिए ब्रांड एंबेसडर आमिर खान के साथ राष्ट्रीय स्तर का मार्केटिंग अभियान चलाया जाएगा। प्रबंधन का कहना है कि चार दशकों की गुणवत्ता, अत्याधुनिक तकनीक और 40 से अधिक गुणवत्ता परीक्षणों के आधार पर ही कंपनी इतनी व्यापक वारंटी देने का दावा कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in