बिहार को मिलेगी 3 नई अमृत भारत ट्रेनें

4 पैसेंजर ट्रेनों की भी सौगात, रेल मंत्री वैष्णव आज पटना में दिखाएंगे हरी झंडी
Bihar to get 3 new Amrit Bharat trains
अमृत भारत ट्रेन
Published on

नई दिल्ली : बिहारवासियों के लिए रेल सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात आने जा रही है। राज्य को कुल 7 नई ट्रेनों का तोहफा मिलेगा, जिनमें 3 अमृत भारत एक्सप्रेस और 4 पैसेंजर गाड़ियां शामिल हैं। इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने का काम रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज सोमवार को पटना जंक्शन से करेंगे। रेल मंत्री कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जुड़ेंगे। अमृत भारत एक्सप्रेस से बिहार का नेटवर्क और मजबूत होगा। देश में इसकी 12 सेवाएं चल रही हैं, जिनमें से 10 बिहार से जुड़ी हैं। अब 3 और ट्रेनें शुरू होने के बाद बिहार से चलने वाली अमृत भारत ट्रेनों की संख्या 13 हो जाएगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस : अमृत भारत एक्सप्रेस पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से बनी है और भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की मिसाल है। इन ट्रेनों में सेमी-ऑटोमेटिक कपलर, फायर डिटेक्शन सिस्टम, सील्ड गैंगवे और टॉकबैक यूनिट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि पहली बार नॉन-एसी कोच में भी यात्रियों की सुरक्षा के लिए उन्नत तकनीक का उपयोग किया गया है। बिहार में नई ट्रेनों की शुरुआत से देश के अलग-अलग हिस्सों-ख़ासकर दिल्ली, राजस्थान और दक्षिण भारत के लिए कनेक्टिविटी तेज और सुगम होगी।

तीनों नई ट्रेनें

1. मुजफ्फरपुर–चर्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस (साप्ताहिक) ः यह दक्षिण भारत के लिए मुजफ्फरपुर से चलने वाली पहली अमृत भारत ट्रेन होगी। हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, प्रयागराज, जबलपुर, नागपुर होते हुए चर्लपल्ली तक जाएगी।

2. दरभंगा–मदार (अजमेर) अमृत भारत एक्सप्रेस (साप्ताहिक) : यह कमतौल, सीतामढ़ी, नरकटियागंज, गोरखपुर, कानपुर, जयपुर होते हुए दरभंगा को राजस्थान से जोड़ेगी।

3. छपरा–आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस (सप्ताह में दो दिन): यह सिवान, कप्तानगंज, गोरखपुर, गोंडा, लखनऊ होते हुए दिल्ली तक जाएगी। यह बिहार से दिल्ली की छठी अमृत भारत ट्रेन होगी।

चार नई पैसेंजर ट्रेनों से स्थानीय यात्रियों को राहत

नई पैसेंजर ट्रेनों के शुरू होने से बिहार के अंदर रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इससे छोटे कस्बों और जिलों के लोगों को सीधी सुविधा मिलेगी।

1. नवादा–पटना डेमू पैसेंजर: यह शेखपुरा, बरबीघा, बिहार शरीफ, दनियावां, तोपसरथुआ होते हुए सप्ताह में छह दिन चलेगी।

2. इसलामपुर–पटना डेमू पैसेंजर: यह दनियावां, हिलसा होते हुए सप्ताह में छह दिन यात्रियों को सुविधा देगी।

3. पटना–बक्सर फास्ट पैसेंजर: यह दानापुर और आरा के रास्ते सप्ताह में छह दिन चलेगी।

4. झाझा–दानापुर फास्ट पैसेंजर: यह जमुई, किउल, मोकामा, बख्तियारपुर, फतुहा के रास्ते सप्ताह में छह दिन परिचालित होगी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in