भारत
अवैध निर्माण पर चला निगम का बुलडोजर
Page 3 lead Subhead : नक्शा पास कराए बिना ही तीन मंजिला मकान बनाने का आरोप -कई नोटिस के बाद भी नहीं हटाया गया अवैध निर्माण, अदालत के निर्देश पर नगर निगम ने की कार्रवाई - नाले के ऊपर किए गए निर्माण का हिस्सा पहले ही तोड़ा गया था, मकान मालिक ने सरकारी कार्रवाई पर जताई नाराजगी - दुकान टूटने से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट होने का दावा सन्मार्ग संवाददाता सिलीगुड़ी: शहर में अवैध और बिना मंजूरी किए जा रहे निर्माण के खिलाफ सिलीगुड़ी नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को नगर निगम की टीम ने शहर के वार्ड नंबर 5 अंतर्गत संतोषीनगर की नंबर-1 गली में अभियान चलाते हुए एक तीन मंजिला मकान को बुलडोजर से ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर नगर निगम की टीम के साथ संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की कार्रवाई सुरेंद्र साहनी नामक व्यक्ति के मकान के खिलाफ की गई। निगम का आरोप है कि सरकारी जमीन पर रहने के साथ ही संबंधित व्यक्ति ने बिना स्वीकृत नक्शे के तीन मंजिला मकान का निर्माण कर लिया था। निर्माण को लेकर नगर निगम की ओर से पहले भी आपत्ति जताई गई थी और संबंधित व्यक्ति को कई बार नोटिस जारी कर निर्माण हटाने अथवा निगम के निर्देशों का पालन करने को कहा गया था। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण को लेकर निगम के निर्देशों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद अदालत के निर्देश के आधार पर शनिवार को नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। बुलडोजर की मदद से मकान के निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। बताया गया कि उक्त स्थान पर नाले के ऊपर भी निर्माण किया गया था। नगर निगम की ओर से पहले ही नाले के ऊपर किए गए निर्माण के एक हिस्से को तोड़ दिया गया था। इसके बाद शनिवार को बाकी निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, कार्रवाई के बाद मकान मालिक सुरेंद्र साहनी ने सरकारी कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। उनका दावा है कि उनके साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इसी दुकान और मकान से उनका परिवार चलता था। दुकान और निर्माण टूट जाने के बाद उनके सामने परिवार के भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। नगर निगम की ओर से लगातार अवैध और नियमों के विपरीत किए गए निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। निगम का कहना है कि शहर में बिना स्वीकृत नक्शे अथवा नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। Photo - अवैध निर्माण तोड़ता नगर निगम का बुलडोजर

