

बारामती : महाराष्ट्र के बारामती में गोजुबावी गांव की सीमा में आज सुबह 'रेडबर्ड' कंपनी का एक ट्रेनी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात यह है कि विमान में सवार ट्रेनी पायलट सुरक्षित है। यह वही गांव है, जहां कुछ समय पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान भी हादसे का शिकार हुआ था। जानकारी के मुताबिक, गोजुबावी इलाके में पहले भी रेडबर्ड कंपनी के विमान दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।
सुरक्षा मानकों पर सवाल
विमान गिरने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. बारामती में 'कारवार एविएशन' और 'रेडबर्ड' ये दो संस्थाएं पायलट ट्रेनिंग देती हैं। सुरक्षा कारणों से रेडबर्ड कंपनी पर पहले भी प्रतिबंध लगाया जा चुका है। ऐसे में बार-बार हो रहे इन हादसों ने सुरक्षा मानकों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे की प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया, "करीब 8:30 बजे इतनी तेज आवाज हुई कि मुझे पहले कुछ समझ नहीं आया। मैं वहां खेत में काम कर रही थी। तभी अचानक एक ज़ोरदार आवाज़ आई और मैंने देखा कि विमान टकरा गया है। मैं तुरंत खड़ी हो गई कि 'ये क्या आवाज़ हुई?' फिर देखा तो विमान था। मैंने सोचा, अब तो कुछ नहीं बचा, विमान गिर गया है। मैं थोड़ा पीछे हटी, फिर जब विमान पूरी तरह नीचे बैठ गया, तो मैं देखने दौड़ी कि अंदर कितने लोग हैं और उनका क्या हाल है? लेकिन मेरे साथ के लोगों ने कहा- आगे मत जाओ, विमान में आग लग सकती है, इसमें डीज़ल (ईंधन) होता है तो मैं फिर से पीछे हट गई।"
बारामती विमान हादसे पर पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया, "यह घटना आज सुबह करीब 8:50 बजे की है। 'रेड बर्ड एविएशन' का एक प्रशिक्षण विमान बारामती हवाई अड्डे के पास गोजुबावी गांव में क्रैश लैंडिंग का शिकार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान कम ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी उसमें तकनीकी खराबी आ गई। क्रैश लैंडिंग के दौरान जमीन पर गिरने से ठीक पहले विमान का एक हिस्सा बिजली के खंभे से टकरा गया था। विमान में केवल एक ट्रेनी पायलट सवार था। राहत की बात यह है कि पायलट को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वे सुरक्षित हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। मामले की आवश्यक जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।