

न्यूयॉर्क : अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में संसद के उच्च सदन सीनेट के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के दो उम्मीदवारों के बारे में गलत जानकारी फैलाने को लेकर सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जो कथित तौर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से बनाए गए हैं और इनका संबंध रूस से है।
इन वीडियो में असली लोगों के नाम और तस्वीरों का गलत इस्तेमाल करके दुष्प्रचार किया जा रहा है। इनमें से एक निशाना शेरोड ब्राउन हैं, जो ओहायो में रिपब्लिकन पार्टी के सीनेट सदस्य जॉन हस्टेड के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसी ही एक वीडियो में कुछ जगहों पर एआई के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं। इस वीडियो में कई साल पहले ब्राउन के साथ ‘इंटर्न’ के रूप में काम कर चुकीं हाया अकबिक तथा ब्राउन को दिखाया गया है।
अकबिक ने इस वीडियो पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा कि वीडियो में उनके नाम से कही गई कोई भी बात “पूरी तरह मनगढ़ंत” है।
ये वीडियो दिखाते हैं कि विदेशी ताकतें किस तरह अमेरिकी मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए पुराने तरीकों का इस्तेमाल कर रही हैं। मतदाता इस चुनाव के जरिये यह तय कर रहे हैं कि अगले साल संसद पर किस पार्टी का नियंत्रण होगा। एआई के कारण यह खतरा और बढ़ सकता है, क्योंकि इस तकनीक से नुकसान पहुंचाने वाली झूठी सामग्री बनाई जा सकती है, जो कभी-कभी बिल्कुल असली लगती है।
दूसरा निशाना जेम्स टालारिको हैं, जो टेक्सास में सीनेट की सीट के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इस वीडियो में भी एआई के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं। टालारिको के प्रवक्ता जेटी एनिस ने एक बयान में कहा, “दुनिया के सबसे ताकतवर लोग जानते हैं कि वे जेम्स टालारिको को सच के दम पर नहीं हरा सकते। इसलिए वे अपनी खस्ताहाल और भ्रष्ट राजनीतिक व्यवस्था को बचाने के लिए एआई से बनाए गए नकली वीडियो और षड्यंत्रकारी विमर्श आदि के जरिए उन्हें बदनाम कर रहे हैं।” सोशल मीडिया कंपनी ‘एक्स’ ने उन शुरुआती पोस्ट को हटा दिया है, जिनमें ये वीडियो साझा किए गए थे। कंपनी ने नियमों का उल्लंघन करने के कारण उन्हें पोस्ट करने वाले उपयोगकर्ताओं के खाते भी निलंबित कर दिए हैं।