

ढाका : बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के पूर्व उप प्रेस सचिव समेत तीन लोगों को गुरुवार तड़के राजधानी ढाका में गिरफ्तार किया गया।
सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के अनुसार, हसीना के पूर्व उप प्रेस सचिव केएम शखावत मून और दो अन्य लोगों को ढाका के धानमंडी-27 इलाके से हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार किए गए अन्य दो लोगों में पूर्व उपायुक्त मोहम्मद इलियास हुसैन और आयकर अधिवक्ता सूफी मोहम्मद अल मामून शामिल हैं।
'द डेली स्टार' अखबार के अनुसार, जातीयताबादी छात्र दल (जेसीडी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीनों को ढाका के धानमंडी इलाके में पकड़ लिया, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। जेसीडी सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) का छात्र संगठन है।
मोहम्मदपुर थाने के ड्यूटी अधिकारी उपनिरीक्षक मसूदुर रहमान ने बताया कि पुलिस तीनों को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है। इस बीच, हसीना की अगले महीने प्रस्तावित वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ने के बीच बीएनपी के नेतृत्व वाली सरकार ने कई जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी है। सीमा सुरक्षा बल के 108 प्लाटून तैनात किए गए हैं, जिनमें से 56 हसीना के गृह जिले गोपालगंज में तैनात हैं।