Manila
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची

जापान ने तेल संकट से निपटने के लिए एशियाई ऊर्जा एजेंसी बनाने का प्रस्ताव दिया

उन्होंने ईरान युद्ध के कारण पैदा हुए ऊर्जा संकट का भी उल्लेख किया
Published on: 

मनीला :

जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने एशियाई देशों को तेल संकट से निपटने में मदद करने के लिए मंगलवार को एशियाई ऊर्जा एजेंसी बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने ईरान युद्ध के कारण पैदा हुए ऊर्जा संकट का भी उल्लेख किया। ताकाइची ने तेल सुरक्षा कार्यबल गठित करने और क्षेत्र के लिए अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) जैसी एक संस्था का जापान आधारित संस्करण बनाने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने यह प्रस्ताव फिलिपीन की राजधानी मनीला में दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) के वार्षिक शिखर सम्मेलन से इतर आयोजित एक बैठक में रखा। ताकाइची ने कहा, ‘हम इसे आईईए के एशियाई संस्करण के रूप में स्थापित करना चाहते हैं।’ आईईए एक स्वतंत्र अंतर-सरकारी एजेंसी है, जिसकी स्थापना 1970 के दशक की शुरुआत में आए भीषण तेल संकट को लेकर 1974 में की गई थी। यह नीतिगत सुझाव देती है और अपने सदस्य देशों के तेल भंडार के समन्वय में मदद करती है। फरवरी के अंत में शुरू हुए ईरान युद्ध ने विशेष रूप से एशिया में ऊर्जा सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है। ताकाइची ने ‘एशिया शून्य उत्सर्जन समुदाय’ की बैठक में कहा कि जापान, इंडोनेशिया स्थित आर्थिक अनुसंधान संस्थान आसियान एवं पूर्वी एशिया (ईआरआईए) के साथ मिलकर एशियाई तेल सुरक्षा कार्यबल का नेतृत्व करने में मदद करेगा। यह ऊर्जा सुरक्षा पर शोध करने वाला संगठन है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में राष्ट्रीय तेल भंडार से तेल जारी करने और साझा करने के लिए नियम तैयार करना है। जापान उन कई एशियाई देशों में शामिल है जो तेल और गैस के आयात पर काफी हद तक निर्भर हैं।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News