सड़क और पानी की मांग पर महिलाओं ने किया रोड जाम
सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर :
पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत खीरपाई नगर पालिका के वार्ड नंबर 4 में बदहाल नागरिक सुविधा के खिलाफ स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा है। नाराज महिलाओं ने इलाके में पक्की सड़क और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सोमवार को सड़क जाम कर दिया। जिसे लेकर वहां उत्तेजना की स्थिति कायम हो गई। आंदोलनकारी महिलाओं का आरोप है कि खीरपाई नगर पालिका अंतर्गत वार्ड 4 के माझी पाड़ा इलाके में विगत 15 वर्षों से सड़क की स्थिति काफी खराब है। हल्की हल्की बारिश होने पर भी पूरी सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाता है। जिसकी वजह से लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। महिलाओं का यह भी आरोप है कि इलाके में पानी की सुविधा भी नगर पालिका की ओर से उपलब्ध नहीं कराई गई है। जिसकी वजह से स्थानीय महिलाओं को पानी के लिए दूर दराज के इलाके में जाना पड़ता है। जिससे महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलनकारी महिलाओं ने कहा कि इलाके में पक्की सड़क और पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर टीएमसी की सरकार के दौरान भी उन लोगों ने बार-बार आवाज बुलंद किया था. लेकिन समस्या का कोई निदान नहीं निकल पाया। अब भाजपा के सरकार में भी उन लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिसके विरोध में महिलाओं ने इस दिन इलाके में पथावरोध कर अपना प्रतिवाद जताया। फिलहाल नगर पालिका प्रशासन की ओर से इलाके में जल्द ही पक्की सड़क और पानी की सुविधा उपलब्ध कराए जाने का आश्वासन दे जाने के बाद महिलाओं ने अपना आंदोलन खत्म कर दिया है.लेकिन समस्या का जल्द निदान नहीं होने पर स्थानीय महिलाओं ने इसके बाद नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ और भी बड़े स्तर पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

