रेल यात्री के बैग से 22 लाख रुपए बरामद, गिरफ्तार
सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर.
दक्षिण पूर्व रेलवे अंतर्गत खड़गपुर स्टेशन में गुरुवार को एक रेल यात्री के बैग से 22 लाख रुपए नकद बरामद किया गया। इसके बाद जीआरपी ने उस यात्री को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम असित दास है। वह पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत चंद्रकोणा टाउन का निवासी है। जीआरपी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वह गुरुवार को जगन्नाथ एक्सप्रेस द्वारा कटक से मेचेदा जा रहा था। खड़गपुर रेलवे स्टेशन में ट्रेन के रुकने पर वह प्लेटफार्म पर उतरकर संदिग्ध रूप से यहां-वहां विचरण करने लगा। उसकी गतिविधियों पर संदेह होने पर जीआरपी ने उसके बैग की तलाशी ली। बैग के भीतर भारी मात्रा में नकद रुपए देख जीआरपी के होश उड़ गए। इसके बाद जीआरपी ने रुपये जब्त कर गिनती की। गिनती में उस यात्री के बैग से कुल 22 लाख रुपए बरामद किए गए। बरामद रुपए के बारे में कोई सटीक जवाब नहीं देने पर जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल जीआरपी के अधिकारी उस यात्री के बैग से बरामद रुपए के बारे में उससे पूछताछ कर रहे हैं।

