पश्चिम बंगाल
पत्नी घर नहीं लौटी तो पड़ोसन और उसकी बेटी पर किया हमला
आरोपी फरार
पूर्व मिदनापुर :
पत्नी को बार-बार मनाने के बावजूद जब वह ससुराल लौटने को तैयार नहीं हुई तो एक युवक ने कथित तौर पर अपना गुस्सा पड़ोस की एक महिला और उसकी 14 वर्षीय बेटी पर उतार। स्कूल से घर लौट रही किशोरी पर धारदार हथियार से पहले हमला किया। बेटी को बचाने पहुंची उसकी मां पर भी उसने हमला किया। इस घटना से पूर्व मिदनापुर जिले के पोटाशपुर थाना क्षेत्र के बड़हाट चक इलाके में दहशत फैल गई। हमले में मां और बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात के बाद अभियुक्त मौके से फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान साहेब प्रधान के रूप में हुई है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, साहेब प्रधान की करीब छह साल पहले इलाके की एक युवती से शादी हुई थी। दोनों का एक बच्चा भी है। हालांकि, वैवाहिक विवाद के चलते करीब तीन साल पहले पत्नी अपने बच्चे के साथ पति का घर छोड़कर मायके चली गई। इसके बाद से ही दोनों अलग रह रहे हैं। बताया जाता है कि पत्नी को वापस घर लाने के लिए साहेब लगातार ससुराल जाता था। वह पत्नी को समझाने और दोबारा परिवार बसाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पत्नी उसके साथ लौटने को तैयार नहीं थी। लंबे समय से जारी इस पारिवारिक विवाद के बीच शनिवार को भी साहेब पत्नी को मनाने के इरादे से ससुराल पहुंचा। आरोप है कि पत्नी ने उसके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद साहेब ससुराल से निकलकर आसपास घूमने लगा। इसी दौरान कुछ देर बाद उसने कथित तौर पर ससुराल के पड़ोस में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी को निशाना बनाया। बताया गया कि किशोरी उस समय स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। अचानक युवक ने उस पर हमला कर दिया। बेटी को मुसीबत में देखकर उसकी मां उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन आरोप है कि हमलावर ने उस पर भी (धारदार चाकू) वार कर दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

