टीएमसी नेता शेख सुफियान के मकान पर बैंक का कब्जा

टीएमसी नेता शेख सुफियान के मकान पर बैंक का कब्जा

Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

पूर्व मिदनापुर :

पूर्व मिदनापुर जिले में नंदीग्राम के चर्चित टीएमसी नेता सुफियान की मुश्किलें अब बढ़ती जा रही है l उनके जहाजबाड़ी मकान पर अब बैंक का कब्जा हो गया है। कर्ज नहीं चुकाने के आरोप में नंदीग्राम के तृणमूल नेता शेख सुफियान का मशहूर ‘जहाजबाड़ी’ एक बार फिर चर्चा में है। मंगलवार 17 नवंबर को कंटाई को-ऑपरेटिव बैंक के अधिकारियों ने उनके घर पहुंचकर कब्जे का नोटिस चस्पा किया और प्रतीकात्मक रूप से संपत्ति पर कब्जा किया। बैंक सूत्रों के अनुसार, शेख सुफियान ने मकान बनाने के लिए 25 लाख रुपये और मछली पकड़ने वाला ट्रॉलर खरीदने के लिए 27 लाख 50 हजार रुपये का कर्ज लिया था। बैंक का दावा है कि वर्तमान में ब्याज सहित कुल 58 लाख 16 हजार 743 रुपये बकाया हैं। आरोप है कि बीते 12 अगस्त को कर्ज चुकाने के लिए डिमांड नोटिस भेजा गया था, लेकिन इसके बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने यह कदम उठाया। बैंक अधिकारी चंचल दास ने बताया कि नियमानुसार संपत्ति का प्रतीकात्मक कब्जा लिया गया है। फिलहाल इस संपत्ति को किसी अन्य व्यक्ति के हाथों हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा। इस घटना को लेकर नंदीग्राम में एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। मालूम हो कि शेख सुफियान वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री और नंदीग्राम विधानसभा केंद्र से टीएमसी की प्रार्थी रहीं ममता बनर्जी के चुनाव एजेंट थे। इस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को पराजित कर दिया था। राज्य में टीएमसी सरकार के दौरान नंदीग्राम में भ्रष्टाचार और अपराध करने के कई आरोप शेख सुफियान पर लगे थे। जिसकी जांच पड़ताल की जा रही है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News