काली प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा में उमड़ी भारी भीड़

खड़गपुर से मिदनापुर तक तालाबों और कंसावती नदी में हुआ प्रतिमा विसर्जन, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
फिर आना मां : बाजेकदमतल्ला घाट पर मां काली की प्रतिमा का विसर्जन करते श्रद्धालु। फोटो : दीपेन उपाध्याय
फिर आना मां : बाजेकदमतल्ला घाट पर मां काली की प्रतिमा का विसर्जन करते श्रद्धालु। फोटो : दीपेन उपाध्यायफिर आना मां : बाजेकदमतल्ला घाट पर मां काली की प्रतिमा का विसर्जन करते श्रद्धालु। फोटो : दीपेन उपाध्याय
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

खड़गपुर : खड़गपुर समेत पूर्व मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर और झाड़ग्राम जिले में आयोजित काली पूजा महोत्सव का समापन गुरुवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ हुआ। अंतिम दिन विभिन्न पूजा आयोजकों की ओर से गाजे-बाजे और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां काली की प्रतिमाओं को विदाई दी गई। विसर्जन के दौरान विभिन्न इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूजा पंडालों से लेकर विसर्जन घाटों तक उत्सव का माहौल बना रहा।

खड़गपुर के खरीदा इलाके में स्थित मंदिर तालाब में दर्जनों प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इसके अलावा कौशल्या, मलिंचा और इंदा इलाके के विभिन्न तालाबों में भी प्रतिमा विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, मिदनापुर में कंसावती नदी के घाट पर भी सुबह से ही विसर्जन का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां काली को विदाई दी और अगले वर्ष फिर आगमन की कामना की।

गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा

खड़गपुर के झपाटापुर इलाके में 27 यूथ सेंटर की ओर से बुधवार शाम को भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। खड़गपुर नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन रविशंकर पांडेय भी इस मौके पर मौजूद रहे। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक संगीत और जयकारों के बीच प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाया गया।

सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम

विसर्जन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस की ओर से विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कंसावती नदी सहित विभिन्न तालाबों और घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही विसर्जन शोभायात्राओं के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की गई, ताकि आम लोगों को जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।

दीपावली और काली पूजा महोत्सव के शांतिपूर्ण समापन के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की व्यवस्था की सराहना की। कई दिनों तक चले उत्सव के बाद प्रतिमा विसर्जन के साथ ही पूरे इलाके में त्योहार का समापन हुआ।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News