पश्चिम बंगाल
आयुष्मान कार्ड से महिला का सफल घुटना प्रत्यारोपण
तीन घंटे तक चली जटिल सर्जरी
53 वर्षीय महिला को लंबे समय के दर्द से मिली राहत
केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट स्थित एक निजी अस्पताल में आयुष्मान कार्ड की मदद से 53 वर्षीय महिला का जटिल घुटना प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किया गया। करीब तीन घंटे तक चली सर्जरी के बाद महिला को लंबे समय से घुटने में हो रही असहनीय पीड़ा से राहत मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि आयुष्मान कार्ड के तहत पूरी सर्जरी नि:शुल्क की गई।
लंबे समय से घुटने के दर्द से थीं परेशान
जानकारी के अनुसार, बादुड़िया के आड़बेलिया की रहने वाली अंजली आढ़्य लंबे समय से अपने बाएं घुटने में तेज दर्द से परेशान थीं। दर्द के कारण उन्हें चलने-फिरने में भी काफी परेशानी हो रही थी। इसी समस्या को लेकर वह बशीरहाट के एक निजी नर्सिंग होम के ऑर्थोपेडिक विभाग में इलाज कराने पहुंचीं। विभिन्न चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने पाया कि उनके बाएं घुटने की स्थिति काफी गंभीर हो चुकी है। सामान्य रूप से चलने-फिरने के लिए घुटना प्रत्यारोपण जरूरी था।
आयुष्मान कार्ड से नि:शुल्क हुई सर्जरी
डॉक्टरों की सलाह पर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद आयुष्मान कार्ड के माध्यम से नि:शुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था की गई। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. आदित्य वासुदेव के नेतृत्व में तथा डॉ. अम्लान घोष के सहयोग से करीब तीन घंटे तक चली सर्जरी में सफलतापूर्वक घुटना प्रत्यारोपण किया गया। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति स्थिर बताई गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक चिकित्सा पर जोर
ऑपरेशन के बाद डॉ. आदित्य वासुदेव ने कहा कि सीमावर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। स्थानीय स्तर पर घुटना प्रत्यारोपण जैसी जटिल सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होना क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

