पश्चिम बंगाल
आंगनवाड़ी के खाने में मिली उबली छिपकली
गोबरडांगा में बच्चों के भोजन में छिपकली मिलने से हड़कंप
अभिभावकों ने उठाए सवाल, कुक ने मानी गलती
केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
उत्तर 24 परगना जिले के गोबरडांगा नगरपालिका के वार्ड नंबर 3 स्थित गैपुर मित्रपाड़ा इलाके में एक आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में उबली हुई छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार को केंद्र से बच्चों के लिए दिए गए अंडे और आलू के सूप में पूरी छिपकली मिलने का मामला सामने आया। गनीमत रही कि भोजन बच्चों को खिलाने से पहले ही अभिभावकों की नजर उस पर पड़ गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्था तथा भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से जांच की मांग की है।
मेन्यू में चावल, अंडा और आलू का सूप शामिल था
जानकारी के अनुसार, उक्त आंगनवाड़ी केंद्र में करीब 20 बच्चों को प्राथमिक शिक्षा देने के साथ पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को भी यहां से भोजन दिया जाता है। शुक्रवार को खराब मौसम के कारण कम लोगों के लिए खाना तैयार किया गया था। मेन्यू में चावल, अंडा और आलू का सूप शामिल था। भोजन तैयार होने के बाद जब एक अभिभावक बच्चे के लिए टिफिन लेकर घर पहुंचे और डिब्बा खोला, तो उसमें उबली हुई छिपकली दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने केंद्र की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
भोजन के ऊपर पड़ी हुई थी छिपकली
अभिभावक के मुताबिक, छिपकली भोजन के ऊपर पड़ी हुई थी। उन्होंने तत्काल बच्चे को खाना खिलाने से रोक दिया। अन्य अभिभावकों ने भी बताया कि समय रहते जानकारी मिलने के कारण किसी बच्चे ने वह भोजन नहीं खाया। उनका कहना है कि यदि अनजाने में किसी बच्चे ने भोजन कर लिया होता तो गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि केंद्र के रसोईघर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। यहां तक कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए लगभग अंधेरे में खाना बनाया जाता है। उन्होंने पहले भी भोजन की गुणवत्ता और मात्रा को लेकर शिकायतें की थीं।
आईसीडीएस सुपरवाइजर पहुंचे केंद्र पर
मामले की जानकारी मिलने पर आईसीडीएस सुपरवाइजर केंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि अभिभावकों को समय रहते सतर्क कर दिया गया था और किसी बच्चे ने भोजन नहीं किया। उन्होंने आशंका जताई कि बारिश के कारण छिपकली खाने में गिर गई होगी। इधर, केंद्र की प्रभारी शिक्षिका फिलहाल छुट्टी पर हैं। बिजली नहीं रहने और पर्याप्त रोशनी नहीं होने की बात कुक ने स्वीकार की। उन्होंने भोजन में छिपकली मिलने की पुष्टि करते हुए अपनी गलती के लिए माफी भी मांगी। हालांकि, स्थानीय लोग इस घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए जिम्मेदार लोगों की पहचान और प्रशासनिक जांच की मांग कर रहे हैं।

