अज्ञात जानवर के हमले से 50 मवेशी घायल

अज्ञात जानवर के हमले से 50 मवेशी घायल

Published on: 

वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क

विजय, सन्मार्ग संवाददाता

खड़गपुर :

पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत ग्वालतोड़ के कुछ गांवों में किसी अज्ञात जानवर के हमले से करीब 50 पालतू मवेशियों के घायल हो जाने से इलाके में भारी आतंक मच गया। घटना के बारे में जानकारी मिलने पर गढ़वेता के भाजपा विधायक प्रदीप लोधा मौके पर पहुंचे। वन और प्राणी संपद विभाग के अधिकारियों के साथ उन्होंने बात की। इसके बाद पुलिस और मेडिकल टीम को इलाके में भेजा गया। प्राणी संपद विभाग ने इलाके में माइकिंग कर ग्रामीणों को घायल मवेशियों के दूध और मांस का इस्तेमाल फिलहाल नही करने का निर्देश जारी किया। घटना के बारे मे मिली जानकारी के अनुसार ग्वालतोड़ के भेदुआ, मजूरीपाड़ा आदि गांव में अज्ञात जंतु ने सभी मवेशियों के मुंह पर हमला कर घायल किया है। गुरुवार को सुबह सभी मवेशियों के चेहरे से रक्त निकलता देख ग्रामीणों में चिंता और आतंक व्याप्त हो गया। मेडिकल टीम ने सभी घायल पशुओं के साथ ही इसके संपर्क में आने वाले ग्रामीणों को वैक्सीन लगा कर दवाई भी दी है। वन विभाग के अधिकारी सोमनाथ भुइया ने कहा कि संभवत रात के अंधेरे में जंगल से निकलकर हायना अथवा अन्य किसी जंगली जानवर ने हमला कर मवेशियों को घायल किया है। इसकी जांच पड़ताल चल रही है। घायल पशुओं के साथ ही इसके संपर्क में आने वाले ग्रामीणों को भी विषरोधी वैक्सीन लगाया गया है। मवेशियों पर हमला करने वाले अज्ञात जंतु की पहचान और उसे पकड़ने के लिए वन विभाग की कोशिश जारी है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News