

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिले के दांतन में एक आशाकर्मी के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हरिपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले दो संसदीय क्षेत्रों के निवासियों ने आशाकर्मी को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य केंद्र में प्रवेश करने से रोकने का भी आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में काफी तनाव और हलचल का माहौल बन गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हरिपुर ग्राम पंचायत के सात नंबर क्षेत्र के पुआ और गहिरा गेरिया संसदीय क्षेत्रों की एक आशाकर्मी के खिलाफ ग्रामीणों ने कई गंभीर शिकायतें की हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि आशाकर्मी क्षेत्र के लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उचित सहयोग नहीं करती हैं। विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और जरूरी सेवाओं के मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा ग्रामीणों का कहना है कि वह आशाकर्मी निर्धारित समय पर प्रतिदिन स्वास्थ्य केंद्र में भी उपस्थित नहीं रहती हैं। इन्हीं शिकायतों को लेकर दोनों क्षेत्रों के ग्रामीण एकजुट हुए और उस आशाकर्मी को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि विरोध के दौरान उन्हें स्वास्थ्य केंद्र के अंदर जाने से भी रोक दिया गया। हालांकि, उस आशाकर्मी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि स्थानीय लोगों की ओर से लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार और झूठे हैं।फिलहाल इस घटना को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है।