

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात के कारण पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अकवान चक्रवात के शुक्रवार दोपहर आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के तट से टकरने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने तथा अधिकतम गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।
फिलहाल यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा में बढ़ रहा है। वहीं गुरुवार को हावड़ा, हुगली, कोलकाता, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम में हल्की से मध्यम बारिश देखी गयी। तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने तथा पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी गई है।
शुक्रवार और शनिवार को बढ़ेगा बारिश का प्रकोप
मौसम विभाग ने शुक्रवार को दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर में अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। हावड़ा, हुगली, कोलकाता, उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश हो सकती है।
तटीय इलाकों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। पश्चिम बंगाल के तट पर 19 और 20 नवंबर को 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मछुआरों को 20 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने का निर्देश दिया गया है। कोलकाता और हल्दिया बंदरगाह पर स्थानीय चेतावनी संख्या जारी की गई है।
दूसरी तरफ शनिवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और बांकुड़ा में अति भारी बारिश की आशंका है। रविवार को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मुर्शिदाबाद में भारी बारिश का अनुमान है।
24 नवंबर के बाद दक्षिण बंगाल में मौसम साफ होने की उम्मीद है। आगामी दिनों में होने वाली बारिश के कारण कोलकाता के निचले इलाकों में जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका जतायी जा रही है।