

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
मिदनापुर : राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 पर अवैध पार्किंग के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। सोमवार सुबह पश्चिम मिदनापुर जिले के खड़गपुर-बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-16 पर श्यामपुरा से पक्तापोल तक बेलदा थाना ट्रैफिक विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया गया।
सूत्रों के अनुसार अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों को हटाने का निर्देश दिया गया। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया। गौरतलब है कि खड़गपुर-बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 पर अक्सर सड़क दुर्घटनाओं की खबरें सामने आती रहती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजमार्ग के किनारे बेतरतीब तरीके से ट्रक खड़े रहने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इससे यातायात भी प्रभावित होता है और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए दुर्घटनाओं की आशंका कम करने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बेलदा थाना ट्रैफिक विभाग ने यह अभियान चलाया। पुलिस ने अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को हटाने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आर्थिक दंड की कार्रवाई भी की। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुचारु बनाए रखना और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में भी अवैध पार्किंग के खिलाफ इसी तरह अभियान जारी रहता है या नहीं।