पश्चिम मिदनापुर के दांतन में ‘मेरा गांव, स्वच्छ गांव’ अभियान का शुभारंभ

दांतन की 13 पंचायतों के बीच होगी स्वच्छता प्रतियोगिता
दांतन में ‘मेरा गांव, स्वच्छ गांव’ अभियान का शुभारंभ के मौके पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री शिशिर अधिकारी
दांतन में ‘मेरा गांव, स्वच्छ गांव’ अभियान का शुभारंभ के मौके पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री शिशिर अधिकारी
Published on: 

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता

खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिले के दांतन विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छ, समृद्ध और सुंदर गांवों के निर्माण के उद्देश्य से ‘मेरा गांव, स्वच्छ गांव’ अभियान की शुरुआत की गई। दांतन की 13 ग्राम पंचायतों को लेकर ‘दांतन स्वच्छ ग्राम पंचायत’ प्रतियोगिता का शुभारंभ मोहनपुर के नीलदा ग्राम पंचायत अंतर्गत धुईपाड़ा में किया गया। राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय ने कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया। हालांकि, स्वच्छता और ग्रामीण विकास के संदेश के बीच कार्यक्रम के मंच से राजनीतिक बयानबाजी भी देखने को मिली। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री शिशिर अधिकारी, विधायक दिव्येंदु अधिकारी, रमाप्रसाद गिरि, भद्र हेम्ब्रम, पश्चिम मिदनापुर के जिलाधिकारी बिजिन कृष्णा और खड़गपुर आईआईटी के निदेशक सुमन चक्रवर्ती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व केंद्रीय मंत्री शिशिर अधिकारी ने टीएमसी पर निशाना साधते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और शौचालय निर्माण के लिए आवंटित राशि को लेकर सवाल उठाए। शिशिर अधिकारी ने मिदनापुर की ऐतिहासिक विरासत और महान विभूतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस धरती की प्रतिभा को अलग-अलग खांचों में नहीं बांटा जा सकता। उन्होंने ईश्वरचंद्र विद्यासागर, मातंगिनी हाजरा, खुदीराम बोस और शुभेंदु अधिकारी सहित कई नामों का उल्लेख करते हुए मिदनापुर की मिट्टी को नमन किया। स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि मन, दिल और पेट की स्वच्छता जरूरी है। खुले में शौच की समस्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने लोगों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील भी की। शिशिर अधिकारी ने शौचालय निर्माण के लिए केंद्र सरकार से मिलने वाली राशि का मुद्दा उठाते हुए राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री की ओर से शौचालय निर्माण के लिए भेजी गई राशि का पूरा लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंचा।उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को निर्धारित राशि का एक छोटा हिस्सा ही मिला, जबकि शेष राशि का कथित तौर पर दुरुपयोग किया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री शिशिर अधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास का आश्वासन भी दिया। उन्होंने पानी, सड़क और सिंचाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही उन्होंने लोगों से चुनाव में अपनी पार्टी का समर्थन करने की अपील की। इससे स्वच्छता अभियान के मंच पर विकास के साथ राजनीतिक संदेश भी प्रमुखता से उभरा।

13 ग्राम पंचायतों के बीच होगी प्रतिस्पर्धा-

दांतन के विधायक अजीत कुमार जाना ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की सभी 13 ग्राम पंचायतों को शामिल कर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य गांवों में साफ-सफाई को बढ़ावा देना, पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वस्थ वातावरण तैयार करना है।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली तीन ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार के साथ नकद राशि भी दी जाएगी, ताकि पंचायतों के बीच स्वच्छता बनाए रखने के लिए सकारात्मक प्रतिस्पर्धा विकसित हो सके।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in