मिदनापुर बस स्टैंड में आग का तांडव! 2 बसें हुईं जलकर राख, इलाके में मचा हड़कंप

मिदनापुर सेन्ट्रल बस स्टैंड में धू धू कर जलती बस
मिदनापुर सेन्ट्रल बस स्टैंड में धू धू कर जलती बस
Published on: 

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता

मिदनापुर : पश्चिम मिदनापुर सेंट्रल बस स्टैंड पर रविवार देर रात खड़ी दो खाली बसों में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से दोनों बसें जलकर खाक हो गईं, जबकि पास में खड़ी एक अन्य बस को भी मामूली नुकसान पहुंचा। सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात लक्ष्मी पूजा के कारण मिदनापुर सेंट्रल बस स्टैंड पर अपेक्षाकृत सन्नाटा था। कई बस चालक और खलासी रात का खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। इसी दौरान अचानक दो बसों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चारों ओर काला धुआं फैल गया। आग फैलने की आशंका को देखते हुए बस चालकों ने आनन-फानन में अन्य बसों को वहां से हटाना शुरू कर दिया। इसके बावजूद एक अन्य बस आग की चपेट में आकर मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां और कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक प्रयास करने के बाद आग पर नियंत्रण पाया। घटना के बाद बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बस मालिकों ने स्टैंड में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बस स्टैंड जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और आग लगने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो। फिलहाल, आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की आवश्यकता है। इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in