

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर : चक्रवात अर्णब के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश ने पश्चिम मिदनापुर जिले के दांतन इलाके के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण दांतन के विभिन्न गांवों में धान की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल बारिश की भेंट चढ़ रही है। इससे किसानों को एक बार फिर आर्थिक नुकसान की आशंका सताने लगी है।
बताया जाता है कि इस समय पश्चिम मिदनापुर जिले के दांतन के ग्रामीण इलाकों में धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है। किसान फसल काटकर घर लाने की तैयारी में जुटे थे। लेकिन इसी बीच चक्रवात अर्णब के प्रभाव से मौसम ने करवट ले ली और लगातार बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण खेतों में खड़ी पकी धान की फसल को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं, खेतों में पानी जमा होने से फसल की कटाई का काम भी प्रभावित हो रहा है। किसानों का कहना है कि खेती में पहले ही काफी खर्च हो चुका है। ऐसे में फसल तैयार होने के समय प्राकृतिक आपदा के कारण नुकसान उठाना उनके लिए बड़ी परेशानी बन गया है। यदि इसी तरह बारिश जारी रही तो धान की पैदावार पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति और खराब होने की आशंका है। इस बीच प्रभावित किसानों के लिए सरकारी सहायता की मांग भी उठने लगी है। किसानों ने प्रशासन से अपील की है कि प्रभावित इलाकों का जल्द निरीक्षण कर फसल नुकसान का आकलन किया जाए और नुकसान झेलने वाले किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। अब दांतन के किसानों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।