पश्चिम बंगाल
एक ही रात दो घरों में चोरी से लोगों में आतंक
लाखों की संपत्ति पर चोरों ने किया हाथ साफ विनोद, सन्मार्ग संवाददाता रानीगंज : रानीगंज थाना क्षेत्र के काशीपुर डांगा के शारदा पल्ली में एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटना से सनसनी फैल गई। रविवार देर रात चोरों ने बंद घरों को निशाना बनाकर सोने-चांदी के गहने, बर्तन और नकदी समेत लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। पहली घटना स्थानीय निवासी सुजीत मंडल के घर में हुई। सुजीत ने बताया कि रविवार रात करीब 9 बजे वह ड्यूटी के लिए दुर्गापुर गए थे। सोमवार सुबह लौटने पर देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर से दरवाजा बंद था। दीवार पर चढ़कर देखने पर शक हुआ और जब वह किसी तरह भीतर दाखिल हुए तो घर का नजारा देखकर हैरान रह गए। पूरा सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी गायब थे। सुजीत के अनुसार चोर सोने का चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट और करीब 8 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान ले गए हैं। वह घर में अकेले रहते हैं और ताला बंद कर ड्यूटी गए थे, इसी का फायदा चोरों ने उठाया। वहीं इसी इलाके के दूसरे पीड़ित संजय राउत ने बताया कि उनके सास-ससुर घर बंद कर बाहर गए थे। चोरों ने आगे और पीछे दोनों तरफ के दरवाजों के ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी तोड़कर चोरी की। उनके घर से फिलहाल बर्तन चोरी होने की जानकारी मिली है। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है। एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।

