टीटागढ़ पुलिस ने अवैध पटाखों के साथ किया गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल
अवैध एवं प्रतिबंधित पटाखों के खिलाफ पुलिस ने की कार्रवाई
474 पैकेट प्रतिबंधित पटाखे जब्त
राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
पूर्व मिदनापुर :
त्योहारों के मौसम से पहले प्रतिबंधित और खतरनाक पटाखों के अवैध भंडारण के खिलाफ पूर्व मिदनापुर जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। तमलुक थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दक्षिण चड़ा शंकराड़ा इलाके में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की। इस कार्रवाई में विभिन्न प्रकार के पटाखों के कुल 474 पैकेट और 28 शक्तिशाली गाछ बम बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध पटाखों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, त्योहारों के मद्देनजर प्रतिबंधित पटाखों के अवैध भंडारण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए तमलुक थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दक्षिण चड़ा शंकराड़ा इलाके में संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व सब-इंस्पेक्टर अमित प्रमाणिक और महिला सब-इंस्पेक्टर अफरोजा खातून ने किया। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी करते हुए वहां अवैध रूप से रखे गए पटाखों की बड़ी खेप जब्त की। पुलिस सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान जल फटाका, विभिन्न प्रकार के चॉकलेट बम, बड़े आकार के गाछ बम, पाट फटाका, चटपटी बम, लंका फटाका और रंगीन रोशनी वाले रॉकेट सहित कई तरह के पटाखे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, जब्त पटाखों की संख्या तकरीबन 474 पैकेट है। इसके अलावा 28 शक्तिशाली गाछ बम भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस छापेमारी को त्योहारों से पहले अवैध पटाखों के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

