

स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
टीटागढ़ : टीटागढ़ बाजार के पास बीटी रोड पर बुधवार को एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि हमलावर ने पहले अपने दोस्त को चलती बस से जबरन नीचे उतारा और फिर सड़क पर धारदार हथियार से उस पर कई वार कर दिए। हमले में गोलाम हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सीने, पेट और हाथ में चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने अभियुक्त शेख राना को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर टीटागढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, टीटागढ़ जीसी रोड निवासी गोलाम हुसैन बुधवार की सुबह काम पर जाने के लिए टीटागढ़ बाजार से बस में सवार हुआ था। इसी दौरान शेख राना भी बस में चढ़ा। आरोप है कि कुछ दूर जाने के बाद राना ने गोलाम को बस से खींचकर सड़क पर उतार लिया और चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गोलाम लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और घायल युवक को बैरकपुर के बी.एन. बोस महकमा अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसके सीने, पेट और हाथ में कुल नौ टांके लगाए। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि गोलाम और शेख राना दोनों एक ही इलाके के रहने वाले हैं और पहले से एक-दूसरे के परिचित हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टीटागढ़ स्टेशन के पास रहने वाली एक युवती से कथित प्रेम संबंध को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशंका है कि इसी विवाद के चलते बुधवार को दोनों के बीच तनाव हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर रही है।