

सिलीगुड़ी : फूलबाड़ी के कंचनबाड़ी स्थित शनि मंदिर से चोरी हुई शनिदेव की संगमरमर की मूर्ति आखिरकार तिस्ता कैनल से बरामद हो गई। न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर सोमवार को कैनल में तलाशी अभियान चलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने पानी के नीचे से मूर्ति बरामद कर ली।जानकारी के अनुसार, पिछले शुक्रवार कंचनबाड़ी के शनि मंदिर से शनिदेव की मूर्ति चोरी हो गई थी। इसके बाद मंदिर प्रबंधन की ओर से न्यू जलपाईगुड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवक ने मूर्ति चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी के बाद उसने मूर्ति को तिस्ता कैनल में फेंक दिया था। इसके बाद पुलिस आरोपी को साथ लेकर फूलबाड़ी स्थित कैनल पहुंची और उसकी निशानदेही पर तलाशी शुरू की।कैनल में पानी अधिक होने के कारण पुलिस को तलाशी में काफी परेशानी हुई। करीब एक घंटे बाद पानी के नीचे से संगमरमर की मूर्ति मिल गई। मूर्ति बरामद होने की खबर मिलते ही मंदिर प्रबंधन ने राहत की सांस ली। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस घटना में गिरफ्तार युवक के अलावा कोई और भी शामिल था या नहीं।