

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
बारुईपुर : कुलतली थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला का फंदे से लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान अर्पिता हलदार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बकुलतला थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं और शादी के बाद कुलतली के नापितखाली गांव में अपने ससुराल में रहती थीं। पुलिस के अनुसार, अर्पिता की शादी लगभग चार साल पहले नंद हालदार से हुई थी। आवाज सुनकर पड़ोसी और परिजन दौड़े आए। ससुराल वालों ने तुरंत अर्पिता को फंदे से उतारा और कुलतली ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों और परिजनों ने बताया कि अर्पिता पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में थीं। सबसे बड़ा झटका तब लगा जब करीब दो महीना पहले वह अपने प्रेमी के साथ ओडिशा भाग गई थीं। प्रेमी की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि वह कोलकाता में कहीं नौकरी करता था। परिजनों ने काफी खोजबीन की और अंततः ओडिशा पुलिस की मदद से अर्पिता को बरामद कर सिर्फ सात दिन पहले ससुराल वापस लाया गया था। वापस आने के बाद भी अर्पिता उदास रहती थीं। सास-ससुर और पति उनसे नाराज थे। ग्रामीणों का कहना है कि घर में आए दिन झगड़ा होता था। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अर्पिता को वापस लाने के बाद परिवार वाले उसे लगातार ताने मारते थे और उसकी गलती का जिक्र बार-बार करते थे। मंगलवार सुबह नंद खेत पर काम के लिए गया था, सास-ससुर पास के बाजार गए थे। घर पर सिर्फ अर्पिता और दोनों बच्चे थे। कुलतली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बारुईपुर सब-डिविजनल अस्पताल भेज दिया। प्रथम दृष्टया फंदे से गला घोंटकर आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन गले पर कुछ अन्य चोट के निशान होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस ने अर्पिता के पति नंद हलदार, सास-ससुर सहित कई परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। मोबाइल कॉल डिटेल और प्रेमी की तलाश भी की जा रही है।