

नैहाटी : नैहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 7 स्थित रायपाड़ा शिवतला इलाके में एक महिला पर छोटी बच्ची को बहलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश करने का आरोप लगा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उसे थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार सुबह दो छोटी बच्चियां दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थीं। आरोप है कि रास्ते में महिला ने उनमें से एक का हाथ पकड़ लिया और उसे अपने साथ ले जाने लगी। घबरायी दोनों बच्चियां किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंचीं। आरोप है कि महिला भी उनका पीछा करते हुए उनके घर तक पहुंच गयी। बच्चियों के परिजनों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोग जुट गये। उन्होंने महिला को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले गयी। फिलहाल महिला से पूछताछ के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।