

नैहाटी : नैहाटी के हाजीनगर साहापाड़ा इलाके में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विरोध करने पर एक महिला के सिर पर हमला कर दिया गया, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भतीजे के साथ भी मारपीट करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार की शाम की है। शिकायतकर्ता कनैया चौधरी की पत्नी सोनी कुमारी जायसवाल के साथ सीता देवी कथित तौर पर गाली-गलौज कर रही थीं। सोनी ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि सीता देवी के बेटे मनीष यादव ने उनके सिर पर हाथ से वार कर दिया। इसी दौरान सीता देवी के भाई विजय यादव पर कनैया चौधरी के भतीजे के सीने पर लात मारने और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। हमले में सोनी के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। परिजन उन्हें तत्काल नैहाटी एस.जी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। घटना के बाद कनैया चौधरी ने नैहाटी थाने में सीता देवी, मनीष यादव और विजय यादव के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।