भतीजी को गहने देने से नाराज महिला ने रची चोरी की कहानी

अलमारी के गुप्त खाने से बरामद हुए जेवर
ज्वेलरी चोरी
फाइल फोटो
Published on

निमता : भतीजी की शादी के लिए बनवाए गए सोने के गहने उसे देने से नाराज एक महिला ने कथित तौर पर जेवर घर में ही छिपा दिए और फिर उनके चोरी होने की शिकायत लेकर थाने पहुंच गई। पुलिस ने जांच शुरू की तो शक महिला के बयान पर गया। घर की तलाशी में अलमारी के गुप्त खाने से वही चूड़ी और बालियां बरामद हो गईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार जुलाई की एक सुबह अधेड़ महिला निमता थाने पहुंची और बताया कि उसकी इकलौती भतीजी की शादी के लिए बनवाए गए सोने की एक चूड़ी और एक जोड़ी बालियां अलमारी से गायब हैं। उसने पुलिस से जेवर बरामद करने की अपील की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घर जाकर परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला के बयानों में कुछ विरोधाभास मिले। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली। अलमारी के एक गुप्त खाने से दोनों जेवर मिल गए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि वह अपनी भतीजी से नाराज थी। उसका आरोप था कि भतीजी अब उसे पहले जैसा महत्व नहीं देती थी। इसी वजह से उसने जेवर उसे नहीं देने का मन बनाया। लेकिन परिवार के अन्य लोगों को वह पहले ही गहने देने की बात बता चुकी थी। ऐसे में अपनी बात से पीछे हटने के लिए उसने कथित तौर पर चोरी की कहानी बनाई और थाने में शिकायत दर्ज करा दी। घटना सामने आने के बाद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। निमता थाने के आईसी राहुलदेव मंडल ने मामले को लेकर सोशल मीडिया पर हल्के-फुल्के अंदाज में पोस्ट किया, जिसके बाद यह घटना चर्चा में आ गई।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in