आखिर मासूमों की मौत का जिम्मेदार कौन : अभिषेक

मुर्शिदाबाद रेल हादसे पर केंद्र की जवाबदेही पर उठाए सवाल
अभिषेक बनर्जी
अभिषेक बनर्जी
Published on

कोलकाता : मुर्शिदाबाद में हुए भीषण रेल हादसे को लेकर तृणमूल कांग्रेस (ममता गुट) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी एक विस्तृत पोस्ट में उन्होंने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

अभिषेक ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि जब स्कूल के बच्चों को ले जा रहे वाहन और यात्री ट्रेन की टक्कर में मासूमों की जान चली जाती है, तब यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही रेल दुर्घटनाओं के बावजूद केंद्र सरकार जवाबदेही से बच रही है। रेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अभिषेक ने कहा कि यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि हादसा सिग्नलिंग प्रणाली की विफलता, प्रशासनिक लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम था।

उनके अनुसार, बार-बार सामने आ रही ऐसी घटनाएं रेल सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों और तंत्र की विफलता को उजागर करती हैं। उन्होंने मांग की कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

भाजपा के बहुचर्चित "डबल इंजन सरकार" के नारे पर कटाक्ष करते हुए अभिषेक ने कहा कि यह सरकार अब "डबल इंजन सरकार" नहीं, बल्कि "डबल इंजन डिजास्टर" बन चुकी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in