पश्चिम बंगाल को मिली नयी रेलवे परियोजनाओं की बड़ी सौगात

शुभेंदु अधिकारी और सुकांत मजुमदार ने जताया केंद्र का आभार
 फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा और अहम कदम उठाया है। राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार के अनुरोध पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्य में कई नयी रेलवे लाइन परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए इस फैसले को पश्चिम बंगाल के विकास की दिशा में ऐतिहासिक बताया है। शुभेंदु अधिकारी के अनुसार, कुल पांच नयी रेलवे लाइन परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई है। इनमें कांथी से एगरा तक नयी रेलवे लाइन, नंदकुमार से बलाइपांडा तक रेल लाइन, नंदीग्राम से कांदियामारी (नयाचार) तक नयी लाइन, बोबाईचंडी से आरामबाग और बोबाईचंडी से खाना तक दो अलग-अलग रेल लाइन शामिल हैं। इसके अलावा बांकुड़ा (कलावती) से पुरुलिया वाया हुड़ा नयी रेलवे लाइन परियोजना भी मंजूर की गई है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पूर्व मेदिनीपुर, हुगली, बांकुड़ा और पुरुलिया जैसे जिलों में लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी की भारी कमी थी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि व्यापार, उद्योग, कृषि और स्थानीय रोजगार को भी बड़ा लाभ मिलेगा। वहीं केंद्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि गाजोल-इटाहार और इटाहार-बुनियादपुर नयी रेलवे लाइन परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तर बंगाल, खासकर मालदह और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में संचार व्यवस्था को नयी दिशा मिलेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, व्यापार और रोजगार के अवसर कई गुना बढ़ेंगे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in