शिक्षण कर्मचारी भर्ती परीक्षा के लिए नहीं खुला अब तक पोर्टल, शिक्षाकर्मी लटके हैं अधर में

शिक्षण कर्मचारी भर्ती परीक्षा के लिए नहीं खुला अब तक पोर्टल, शिक्षाकर्मी लटके हैं अधर में
REP
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल स्कूल सर्विस कमीशन (एसएससी) द्वारा शिक्षण कर्मचारियों की भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू होने की घोषणा की गई थी। लेकिन 17 सितंबर तक भी पोर्टल नहीं खोला गया, जिससे हजारों उम्मीदवारों की उम्मीदों को झटका लगा है। यह स्थिति ऐसे समय में उत्पन्न हुई है जब 2016 के एसएससी पैनल को भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण रद्द कर दिया गया था, जिससे लगभग 26,000 शिक्षकों और शिक्षण कर्मचारियों की नौकरियां चली गईं।

हालांकि शिक्षक भर्ती परीक्षा हाल ही में संपन्न हुई है, लेकिन शिक्षण कर्मचारियों की बहाली या नई भर्ती प्रक्रिया अब भी अधर में है। एसएससी ने 29 अगस्त को एक अधिसूचना जारी कर बताया था कि ग्रुप सी और ग्रुप डी पदों के लिए आवेदन 16 सितंबर से 31 अक्टूबर तक लिए जाएंगे, लेकिन अभी तक प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।

एसएससी सूत्रों के अनुसार, अब आवेदन प्रक्रिया दुर्गा पूजा के बाद शुरू की जाएगी। इस कारण से योग्य उम्मीदवार असमंजस की स्थिति में हैं और बार-बार तिथियों के बदलने से उनमें निराशा बढ़ रही है। एसएससी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, ग्रुप सी में 2989 और ग्रुप डी में 5488 पद रिक्त हैं। इन पदों के लिए परीक्षा जल्द आयोजित की जानी थी।

योग्य नौकरी चाहने वालों की कुल संख्या 3,394 है, जिनमें से 1,255 ग्रुप सी और 2,139 ग्रुप डी के लिए पात्र हैं। भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी से उम्मीदवारों का भविष्य अधर में लटका हुआ है और सभी को जल्द प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in