

बशीरहाट : बशीरहाट नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 के सरदारआटी केयाबागान इलाके में पिछले तीन महीने से जमा पानी ने सैकड़ों परिवारों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। घरों में और रास्तों पर पानी भरा होने के कारण कई लोग अपना घर छोड़कर दूसरी जगह रहने को मजबूर हैं। वहीं, जलजमाव के चलते छोटे बच्चों का स्कूल जाना भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। पिछले कई वर्षों से हर साल इलाके में जलजमाव होता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकला। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण उसमें सड़ांध फैल गई है। लोगों के अनुसार, सांप, कीड़े-मकोड़ों का प्रकोप बढ़ गया है, जबकि गंदे पानी के कारण त्वचा संबंधी परेशानी के साथ सर्दी-खांसी और बुखार जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय पार्षद से लेकर विधायक तक कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से हर वर्ष बारिश के बाद यही स्थिति पैदा होती है। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। वहीं, बशीरहाट दक्षिण के विधायक सुरजीत मित्रा ने माना कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उनके मुताबिक, केवल वार्ड 13 ही नहीं, बल्कि बशीरहाट नगरपालिका के करीब पांच वार्ड जलजमाव से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि हमने पहले भी कई बार प्रस्ताव दिया था, लेकिन किसी वजह से काम नहीं हुआ। नई सरकार के समय में मैंने इस समस्या को विधानसभा में भी उठाया है ताकि यह समस्या हल हो सके।