
डायमंड हार्बर : बारिश के दौरान गिरी मिट्टी की दीवार के मलबे में दबकर एक बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई। मृत दंपति के नाम शिव प्रसाद मंडल (75) और रेणुका मंडल (65) हैं। यह घटना बुधवार की रात कुलपी थानांतर्गत विष्णुरामपुर इलाके में घटी है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात दंपति रात को भोजन के बाद कमरे में सोने के लिए गये। इसके बाद गुरुवार की सुबह पड़ाेसियों ने घर की दीवार गिरी देख इसकी सूचना आस-पास के अन्य लोगों को दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मिट्टी की दीवार के मलबे के नीचे से उद्धार करने के बाद डायमंड हार्बर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत करार दिया। पड़ोसियों ने बताया कि मृतक शिवप्रसाद के घर की दीवारें मिट्टी की बनी हुई थीं। घर काफी पुराना है। बारिश के पानी के कारण मिट्टी गीली होने से दीवार वहां सो रहे दंपति पर गिर गयी जिससे दोनों की मौत हो गयी। कुलपी थाने की पुलिस घटना की जांच में जुट गयी है।