

कोलकाता : विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को झटका देते हुए कर्सियांग के विधायक विष्णु प्रसाद शर्मा तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। हालांकि भाजपा नेताओं ने इस घटनाक्रम को महत्वहीन बताते हुए कहा कि इससे पार्टी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शर्मा 2024 में राजू बिष्ट के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़े थे और लगभग 20 लाख मतदाताओं में से उन्हें मात्र 5 हजार वोट मिले थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे व्यक्ति को कर्सियांग से टिकट नहीं दिया जाएगा। शुभेंदु अधिकारी ने यह भी दावा किया कि तृणमूल के करीब 50 विधायक, जिन्हें टिकट नहीं मिलेगा वह भाजपा में आना चाहते हैं, पर हम नहीं लेंगे। पार्टी सोच-समझकर ही निर्णय लेती है। भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि भाजपा किसी एक व्यक्ति पर निर्भर पार्टी नहीं है इसलिए भाजपा को इस बात की चिंता नहीं है कि कौन पार्टी छोड़ता है या कौन पार्टी में शामिल होता है। वहीं, विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक शंकर घोष ने भी दावा किया कि विष्णु प्रसाद शर्मा का अपने क्षेत्र में कोई ठोस जनाधार नहीं है और उनके तृणमूल में जाने से पर्वतीय इलाकों में भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।